Monday, 3 October 2016

सर्जिकल स्ट्राइक के 3 दिन बाद बारामूला में आर्मी कैम्प पर हमला, कमांडाेज ने 90 मिनट में मार गिराए 2 आतंकी, 1 जवान शहीद

जम्मू. कश्मीर के बारामूला में सेना की 46 राष्ट्रीय राइफल्स के कैम्प पर रविवार रात फिदायीन हमला हुआ। आतंकियों ने दो तरफ से गोलीबारी की और ग्रेनेड फेंके। हमले में चार आतंकियों के शामिल होने की खबर थी। राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडोज और बीएसएफ के जवानों ने आतंकियों को घेर लिया। 90 मिनट में दो आतंकियों को मार गिराया गया। वहीं बाकी बचे दो आतंकियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन जारी है। सेना और बीएसएफ के कुल पांच जवान घायल है। इनमें से एक बीएसफ जवान नितिन शहीद हो गए हैं। बता दें कि इससे पहले 18 सितंबर को उड़ी में आर्मी कैम्प पर हमला हुआ था। इसमें 19 जवान शहीद हुए थे। इसके बाद 28-29 सितंबर की दरमियानी रात हमारी सेना ने पाक के कब्जे वाले कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक किया और 38 आतंकी मार गिराए। पढ़ें अपडेट्स...



कहां हुआ हमला? किसे बनाया निशाना?

- बारामूला में सेना के कैम्प पर हमला रविवार रात 10:30 बजे के आसपास हुआ।

- यह कैम्प 46 राष्ट्रीय राइफल्स का है। राष्ट्रीय राइफल्स की यह यूनिट कश्मीर में काउंटर टेरर ऑपरेशंस को अंजाम देती है।

- यह कैम्प झेलम नदी के पास मौजूद है। कैम्प के आसपास 3-4 और सिक्युरिटी कैम्प्स हैं। ये कैम्प्स सीआरपीएफ, आर्मी और बीएसएफ के हैं।

- दो महीने पहले बारामूला में सुसाइड अटैक हुआ था। आतंकी ग्रेनेड फेंककर भाग निकलने में कामयाब हो गए थे।

- जहां यह कैम्प है, वहां आर्मी के ग्रुप कमांडिंग अॉफिसर का दफ्तर, रिहाइशी इलाके और सरकारी दफ्तर हैं।

- रविवार और सोमवार की दरमियानी रात 1.20 बजे सेना के सूत्रों ने कहा कि ऑपरेशन खत्म हो गया है। सर्च ऑपरेशन जारी है।

- आपरेशन के दौरान सेना ने एक बैग बरामद किया है। बताया जा रहा है कि इसमें ग्रेनेड हैं। ये भी खबर है कि आतंकी इस बैग को छोड़कर भागे हैं। सेना पास की एक नदी पर नजर रख रही है। शक है कि कोई आतंकी इसमें भी गिरा है। यह छोटी नदी है और इसमें पानी भी कम है।

कैसे हुआ हमला?
- रात के वक्त तीन से चार आतंकियों ने कैम्प पर ग्रेनेड फेंके। इसके बाद जवानों ने मोर्चा संभाला। भारी गोलीबारी हुई।

- आतंकी दो गुट में आए थे। उन्होंने पहले एक गेट पर ग्रेनेड फेंके। इसके बाद पास ही मौजूद पार्क के रास्ते जाकर कैम्प पर फायरिंग की।

आतंकियों के खिलाफ कैसे चला ऑपरेशन?

- राष्ट्रीय राइफल्स के कैम्प के पास ही बीएसएफ का भी एक कैम्प है।

- हमला होने के बाद आर्मी की घातक कमांडो फोर्स ने मोर्चा संभाला। बीएसएफ ने भी अपने जवान भेजे। पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के कमांडो बुलाए गए।

- आतंकी दो गुट में फायरिंग कर रहे थे। दोनों तरफ से आतंकियों को घेर लिया गया।

- हमले के 90 मिनट बाद दो आतंकी मारे गए।

आगे क्या होने के आसार हैं?

- बताया जा रहा है कि पीओके में भारत के सर्जिकल स्ट्राइक के बाद आतंकी अभी पूरी घाटी में एक्टिव हैं।

- कश्मीर में सुरक्षा बलों के सभी कैम्प्स पर हाई अलर्ट है।

- बीएसएफ के पूर्व एडीजी पीके. मिश्रा ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा- सेना जानती थी कि पाकिस्तान मुंह बचाने के लिए आतंकियों का ही इस्तेमाल करेगा। लेकिन भारत आज ही रात जवाब देगा। क्योंकि वहां और आतंकियों के मौजूद होने की खबर है। कुछ लोकल सपोर्ट भी है। लेकिन इनमें से कोई भी बचकर नहीं निकल पाएगा।

No comments:

Post a Comment