Thursday, 6 October 2016

पहली हॉस्पिटल ट्रेन पहुंची दंतेवाड़ा, ‘जादू’ के नाम से है विख्यात

दंतेवाड़ा।। जादू एक्सप्रेस कहलाने वाली भारत की एकमात्र हॉस्पिटल ट्रेन, लाइफलाइन एक्सप्रेस बुधवार को दंतेवाड़ा पहुंची। आपको बतादें कि भारत में इसे जादू ट्रेन के नाम से जाना जाता है। इसने गरीबों और वंचितों की सेवा में पचीस वर्ष पूरे कर लिए हैं। ट्रेन में अब तक एक लाख सर्जरी की जा चुकी है और दस लाख से अधिक व्यक्तियों का इलाज किया जा चुका है।



गंगवार ने ट्रेन में होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आंखों के इलाज के लिए परीक्षण पांच अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक और ऑपरेशन छह अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक होंगे। कटे होंठ की जांच 14 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक और इनके ऑपरेशन 15 से 16 अक्टूबर तक होंगे। पोलियो एवं अस्थि रोग से संबंधित परीक्षण 17 से 18 अक्टूबर तक और इनके ऑपरेशन 18 से 21 अक्टूबर को होंगे। मिर्गी एवं दंत रोग का इलाज लाइफलाइन के ओपीडी में होगा। कान के रोगों का परीक्षण 22 से 24 अक्टूबर तक होगा। इनके ऑपरेशन की तिथि 23 अक्टूबर से 26 अक्टूबर है।

प्रभारी मंत्री दंतेवाड़ा केदार कश्यप ने इस अवसर पर कहा कि लाइफलाइन एक्सप्रेस के माध्यम से देश के जाने-माने विशेषज्ञ शल्य चिकित्सक इस दूरस्थ अंचल में उपलब्ध हुए हैं। यहां डब्ल्यूएचओ के मानकों से ऑपरेशन किए जाएंगे। ऑपरेशन एवं इसके बाद दवाएं भी नि:शुल्क दी जाएंगी। कश्यप ने दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिला प्रशासन को तथा उपचार के लिए पहुंचे डॉक्टरों एवं अन्य स्टाफ को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जिला अस्पताल में पंजीयन कक्ष का निरीक्षण किया।

प्रोजेक्ट के संबंध में जानकारी देते हुए कलेक्टर सौरभ कुमार ने कहा कि 26 अक्टूबर तक लाइफलाइन एक्सप्रेस में ऑपरेशन होंगे, जिला अस्पताल में मरीजों का परीक्षण होगा, इसमें मरीजों के विभिन्न तरह के टेस्ट होंगे। सब कुछ नार्मल होने पर ही ऑपरेशन किए जाएंगे। बीजापुर कलेक्टर डॉ. फकीर अयाज तंबोली ने बताया कि मिर्गी एवं दंत रोगों के मामले में लाइफलाइन एक्सप्रेस के ओपीडी में ही इलाज किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment