Friday, 7 October 2016

घरौंडा में आज आएंगे सीएम, मिल सकती हैं कई सौगात

जीटी रोड स्थित कुटेल कल्याण फार्म पर 7 अक्तूबर को मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर का आगमन होगा। इसको लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। जिला उपायुक्त मनदीप सिंह बराड़ ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लिया। जिला उपायुक्त बराड़ ने सुरक्षा व अन्य कार्यों को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। वहीं, घरौडा के लोगों को उम्मीद है कि सीएम उनके लिए कई सौगात लेकर आएंगे।



गुरुवार को जिला उपायुक्त मनदीप सिंह बराड़, हैफेड चेयरमैन एवं विधायक हरविंद्र कल्याण, पुलिस अधीक्षक पंकज नैन, एसडीएम योगेश कुमार अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कुटेल कल्याण फार्म हाउस पर पहुंचे और 7 अक्तूबर को होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लिया। एसपी पंकज नैन ने पुलिस अधिकारियों सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोई कोताही न बरते जाने के निर्देश जारी किए।

कैसा बना है सभास्थल
कुटेल कल्याण फार्म पर राइजिंग सन स्कूल के स्टेडियम में प्रदेश मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर कार्यकर्ता को संबोधित करेंगे। करीब साढ़े चार एकड़ के इस स्टेडियम में 145 बाई 290 फूट का पंडाल लगाया गया है। इसमें 3 हजार से ज्यादा कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। इतना ही नहीं पंडाल में 24 बाई 27 फूट का मंच लगाया गया है। जिस पर लगभग 30 से अधिक पदाधिकारियों के बैठने की व्यवस्था होगी।

खेत में बनाया गया है हेलीपेड
मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर हेलीकॉप्टर के जरिये कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचेंगे। जिसके लिए सभा स्थल से लगभग 500 मीटर की दूरी पर खाली पड़े खेत में हेलीपेड का निर्माण किया गया है। हेलीपैड पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री को गाड़ियों के काफिले के साथ सभास्थल तक लाया जाएगा। जीटी रोड के किनारे खाली पड़े खेतों में वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

विधानसभा क्षेत्र के लोगों में जगी आस
सत्ता में आने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर का घरौंडा हलके में यह पहला कार्यकर्ता सम्मेलन है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर हलके की जनता में उपमंडल के दर्जे की मांग, चौरा पीएचसी, मिनी स्टेडियम सहित पिछले कई सालों से लंबित पड़ी मांगे पूरी होने की उम्मीद जगी है। वहीं हैफेड चेयरमैन एवं स्थानीय विधायक हरिवंद्र कल्याण ने बताया कि कार्यकर्ता सम्मेलन को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। मुख्यमंत्री का घरौंडा की जनता पर विशेष आशीर्वाद रहा है। उम्मीद है कि इस कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्यमंत्री विधानसभा क्षेत्र की जनता को निराश नहीं करेंगे।

No comments:

Post a Comment