न्यूज़ डेस्क: बिहार में केबल टीवी पर लगने वाले मनोरंजन में तीन गुना से भी ज्यादा की बढ़ोतरी की गई है. सरकार के इस प्रस्ताव पर कैबिनेट ने बुधवार को मंजूरी दे दी है. अब प्रदेश में प्रति केबल कनेक्शन के 15 रुपए के बजाए 50 रुपए मनोरंजन टैक्स लिए जायेंगे. जिससे सरकार को 25 करोड़ रूपए का वार्षिक लाभ मिलेगा. राजधानी में हीं केबल उपभोक्ताओं की संख्या 2.5 लाख है, व पुरे बिहार में 10 लाख. केबल ऑपरेटर बढ़ाये गए टैक्स के बोझ आम ग्राहकों से ही वसूलेंगे.
लिए गए इस निर्णय को शराबबंदी के कारण होने वाली टैक्स क्षति की भरपाई करने के प्रयास से जोड़ कर देखा जा रहा है. कैबिनेट विभाग के प्रधान सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा का कहना है कि केबल कनेक्शन पर एंटरटेनमेंट टैक्स की मौजूदा दर 2007 से हीं चली आ रही है. चालू वित्तीय वर्ष में सरकार ने 22000 करोड़ राजस्व जुटाने का लक्ष्य रखा है. वाणिज्य कर विभाग को मनोरंजन कर के रूप में अधिकतर राजस्व डिश टेलीविजन और केबल कनेक्शन से ही मिलता है.

No comments:
Post a Comment