Wednesday, 5 October 2016

‘पाकिस्तान को मालूम होना चाहिए कि भारत में नरेंद्र मोदी की सरकार है’…

मोतिहारी| केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने यहां मंगलवार को कहा कि इस 21वीं शताब्दी में परमाणु बम से नहीं, बल्कि शिक्षा से ही विकास संभव है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को प्रत्येक क्षेत्र से माकूल जवाब दिया जा रहा है। मोतिहारी स्थित जिला स्कूल के परिसर में महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के प्रथम शैक्षणिक सत्र के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जावड़ेकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “हमने पाकिस्तान को माकूल जवाब दिया है। पाकिस्तान को पता होना चाहिए कि देश में नरेंद्र मोदी की सरकार है।” उन्होंने कहा कि आज भारत के साथ कई देश खड़े हैं।


प्रकाश जावड़ेकर बोले, ‘सबको शिक्षा-अच्छी शिक्षा’ हमारा नारा है’

जावड़ेकर ने कहा, “अब समय आ गया है जब शिक्षा की ही नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की बात होनी चाहिए। यही कारण है कि ‘सबको शिक्षा-अच्छी शिक्षा’ हमारा नारा है।”



मोतिहारी में बेहतर शिक्षा देने का वादा करते हुए उन्होंने कहा कि इस केन्द्रीय विश्वविद्यालय में सिविल सर्विसेज की कोचिंग की भी व्यवस्था होगी तथा और कई प्रतियोगी परीक्षाओं का यहां मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

जावड़ेकर ने कहा, “महात्मा गांधी की कर्मभूमि चंपारण में उनके नाम से विश्वविद्यालय खुलने से चंपारण सत्याग्रह की याद भी अक्षुण्ण बनी रहेगी। चंपारण सत्याग्रह के शताब्दी वर्ष में इस संस्थान का प्रारंभ होना सुखद संयोग है।”

उन्होंने पहले सत्र के लिए नामांकित बच्चों से यहां से अध्ययन कर देश के विकास में योगदान देने की अपील की और कहा कि इससे न केवल देश का, बल्कि बिहार का नाम भी रौशन होगा। इससे पूर्व जावड़ेकर और केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के पहले शैक्षणिक सत्र का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया।

इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा भी मौजूद रहे। शैक्षणिक कार्य फिलहाल जिला स्कूल परिसर में होगा। राधामोहन सिंह ने इस मौके पर इस विश्वविद्यालय में बस सेवा शुरू करने के लिए कुलपति को अपनी ओर से एक करोड़ रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय में कृषि विषय की भी पढ़ाई होगी।

No comments:

Post a Comment