Friday, 7 October 2016

फेसबुक पर प्यार का झांसा देकर युवती से ठगे 3 लाख रुपए


नई दिल्ली (ब्यूरो)। फेसबुक पर दोस्ती और फिर प्यार करने का झांसा देकर एक युवक ने अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर युवती से करीब 3 लाख रुपए ठग लिए।

ठगी का एहसास होने पर युवती ने मामले की जानकारी वसंत विहार थाना पुलिस को दी। पुलिस के अनुसार पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार एक युवती वसंत गांव में किराए के मकान में रहती है। वह मेकअप आर्टिस्ट है।



पीड़िता ने बताया कि कुछ दिनों पहले युवती के फेसबुक पास रेयान कलेवरली नामक युवक की फ्रेंड् रिक्वेस्ट आई थी। युवती ने उसके रिक्वेस्ट को स्वीकार कर लिया। युवती के अनुसार दोनों में चैट पर बातें होने लगी। युवक ने बताया कि वह इंग्लैंड में रहता है और बतौर इंजीनियर नौकरी करता है।

जिसके बाद से युवती और रेयान के बीच फोन और व्हॉट्सएप पर भी बात होने लगी। 10 सितंबर को उसके पास ज्योति नामक युवती ने फोन किया। ज्योति ने कहा कि उसका इंग्लैंड से रेयान नामक युवक द्वारा भेजा हुआ पार्सल मुंबई कस्टम के पास आया है जो कि अवैध है। वह अगर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती है तो उसे 26 हजार रुपए तुरंत जमा करने होंगे।

युवती ने ज्योति द्वारा बताए गए एकाउंट नंबर में पैसा जमा कर दिया। इस दौरान रेयान ने भी युवती से बात की और पैसे वगैरह की बात करने लगा।

इस तरह से ज्योति व गिरोह के अन्य लोगों द्वारा उससे करीब 3 लाख रुपए अलग-अलग खाते में जमा करा लिए गए। अपने साथ ठगी का शक होने पर युवती ने फौरन ही मामले की जानकारी वसंत विहार थाना पुलिस को दी। पुलिस के अनुसार पीड़िता के बयान पर मामला दर्जकर जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment