ठाकुरद्वारा- इंदौरा की काठगढ़ पंचायत के टिब्बी गांव में खेतों में कपड़े से बंधा एक गुब्बारा मिला, जिसमें उर्दू में धमकी भरा संदेश लिखा है । इसमें पीएम नरेंद्र मोदी को मारने की धमकी दी गई है । ऐसा माना जा रहा है कि यह गुब्बारा पाकिस्तान की ओर से भेजा गया है। सूचना मिलते ही इंदौरा पुलिस मौके पर पहुंची और गुब्बारे को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार टिब्बी के वाले रमेश कुमार सुबह जब अपने खेतों में काम करने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि खेतों में एक गुब्बारा पड़ा हुआ है ,जिसके साथ एक कपड़े में उर्दू में कुछ लिखा हुआ है। रमेश कुमार ने तुरंत पंचायत प्रधान को इसकी सूचना दी और इंदौरा पुलिस थाना को सूचित किया गया । सूचना मिलने पर इंदौरा थाना के एएसआई देवानंद पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गुब्बारा और उसमें लिपटा एक कपड़े का टुकड़ा कब्जे में लिया। कपड़े पर उर्दू में भारत को धमकी दी गई कि उसकोगंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। जांच अधिकारी देवानंद ने बताया कि टिब्बी गांव में मिला गुब्बारा हिमाचल और पंजाब की सीमा पर गिरा है । कपड़े पर नीले रंग के मार्कर से उर्दू में धमकी भरे लहजे में लिखा है ‘मोदी तेरी मौत तबाही लेकर आई; अल्लाह हूं अकबर पाकिस्तान आर्मी, । रिपोर्ट बना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। नूरपुर के डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पंजाब की सीमा पर गुब्बारा मिला है,जिसके चलते पंजाब पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई है। आगे की कार्रवाई पंजाब पुलिस अमल में लाएगी और लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह का कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु या कोई गतिविधि दिखती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

No comments:
Post a Comment