Tuesday, 18 October 2016

देश को महाशक्ति बनाना शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि

भागलपुरवरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने सोमवार को कहा कि देश के शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि उनकी इच्छा के अनुरूप भारत को महाशक्ति बनाकर पूरी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि अनेकता में एकता के सबसे विश्वसनीय सांस्कृतिक विरासत अपने देश में है। जहां देश की सीमा पर तैनात जवान देश की सुरक्षा के अलावा देश की अखंडता, समतामूलक समाज, सभी धर्म को समान आदर देने की अपनी सांस्कृतिक विरासत को भी अक्षुण रखे हुए हैं।



एसएसपी ने नागरिकों से शहीदों के सम्मान में एक-एक दिये जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक समृद्धि, सामाजिक समरसता, एकता, अखंडता, सामरिक मजबूती और चहुमुंखी विकास के लिए सब मिलकर काम करेंगे

देश के वीर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी। शहीदों ने जिस उद्देश्य से देश के लिए अपने प्राणों की आहूति दी उनके उद्देश्य को पूरा करने के लिए हम सभी को सक्रियता दिखानी होगी। एसएसपी ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी विकास की मुख्य धारा में लाना होगा। ऐसा तभी संभव होगा जब समाज के एक-एक लोगों को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए जिस तत्परता से लाखों लोगों ने बलिदानी दी उनकी आकांक्षा तो मात्र इतनी ही नहीं थी कि गुलामी की जंजीरों से जकड़े देश को आजादी मिले। जिस नि:स्वार्थ भाव से उनलोगों ने हंसते-हंसते अपना सबकुछ न्यौछावर कर दिया उनके लिए हम सभी का भी कुछ फर्ज बनता है। देश की आजादी, देश की रक्षा के लिए किसी ने अपना पति, किसी ने भाई, कितनी माताओं ने अपने पुत्रों को खो दिया। हमें देश के युवाओं के आत्मविश्वास को जगा कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काफी कार्य करने होंगे। युवा पीढ़ी के स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति, तकनीकी शिक्षा के लिए काफी प्रयास करने होंगे। शहीदों के लिए यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

No comments:

Post a Comment