Friday 3 February 2017

‘युवराजों’ से करिश्मे की उम्मीद, आगरा में सपा-कांग्रेस ने झोंकी ताकत

सपा-कांग्रेस गठबंधन के बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ताजनगरी में पहली बार एक साथ दिखाई देंगे। नई-नई दोस्ती का पहला इम्तिहान होने के कारण सपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोड शो को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
रोड शो आज (शुक्रवार) अपराह्न लगभग तीन बजे दयालबाग से शुरू होगा। यहां दोनों कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। यहीं से दोनों का काफिला भगवान टाकीज की ओर आगे बढ़ेगा। तीन विधानसभा क्षेत्रों को कवर करते हुए शाम लगभग छह बजे बिजलीघर चौराहा पहुंचेंगे। यहां पर भी दोनों कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं। 
अखिलेश-राहुल का शहर में पहला रोड शो होने के कारण दोनों के कार्यकर्ताओं ने इसे सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने जहां एक दिन पहले ही डेरा डाल दिया है वहीं, सपा के प्रदेश प्रवक्ता सहित कई नेता तैयारियों का जायजा लेने पहुंच गए। वहीं, प्रशासन ने भी रूट का भ्रमण किया।  
दयालबाग से बिजलीघर चौराहा तक के भ्रमण मार्ग के बीच बिजली के तार एक दिन पहले ही दुरुस्त कर दिए गए हैं। प्रशासन के निर्देश पर टोरंट की टीम ने जमीन से 18 फुट की ऊंचाई तक पूरा रूट क्लीयर किया। वहन विभाग की टीम ने रूट पर स्थित पेड़ों के टहनियां छांटी। 
11 मजिस्ट्रेट लगाए गए
प्रशासन की ओर से पूरे रूट पर 11 मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। जोकि रूट पर सुरक्षा तैयारियों पर नजर रखेंगे।
सीएम जरार में करेंगे सभा
रोड शो से पहले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बाह विधानसभा क्षेत्र के जरार में सभा करेंगे। वह पूर्वाह्न 11.20 बजे हेलीकॉप्टर से सैफई से सीधे जरार पहुंचेंगे। यहां जनसभा को संबोधित करने के बाद वह फिरोजाबाद में तीन सभाएं करेंगे। इसके बाद वह रोड शो के लिए ताजनगरी पहुंचेंगे।

No comments:

Post a Comment